फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुधियाना के नवनियुक्त निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने संभाला मोर्चा

Nivedita Updated Fri, 19 Jun 2026 03:12 PM IST

राज्य सरकार के महत्त्वाकांक्षी अभियान मिशन क्लीन पंजाब को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए नगर निगम के नवनियुक्त कमिश्नर ओजस्वी अलंकार पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने महानगर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर स्वच्छता प्रबंधों की जमीनी हकीकत का बारीकी से मुआयना किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुबह की सैर पर निकले लोगों के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए महानगर के जीर्णोद्धार, बुनियादी सहूलियतों और स्वच्छता को लेकर सीधे संवाद स्थापित किया। कमिश्नर ने आम जनता की शिकायतों और बहुमूल्य सुझावों को बेहद गंभीरता से दर्ज किया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि निगम प्रशासन को एक आदर्श, सुंदर और स्वच्छ महानगर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रयासरत है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शहर की सूरत बदलने और कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए आम नागरिकों का सहयोग और सहभागिता अनिवार्य है। जनसंवाद के उपरांत कमिश्नर का काफिला महानगर के मुख्य व्यापारिक और संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ा, जिसमें जगराओं पुल, रेलवे स्टेशन मार्ग, जोन-ए कार्यालय रोड, चौड़ा बाजार, साबुन बाजार, गुड़ मंडी तथा तालाब बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र शामिल रहे। इन तमाम मुख्य रास्तों पर घूमकर उन्होंने सड़कों की हालत, नालियों की स्थिति और सार्वजनिक जगहों पर डंपिंग पॉइंट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार के सख्त लहजे में निर्देश जारी किए। फील्ड में मुस्तैदी दिखाते हुए उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में कचरे के अंबार किसी भी सूरत में दिखाई नहीं देने चाहिए। इसके लिए उन्होंने रोजाना होने वाली सफाई की मॉनिटरिंग प्रक्रिया को और कड़ा करने को कहा। आगामी मानूसन के मद्देनजर उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए जलभराव से निपटने के लिए नालों की मुकम्मल गाद निकासी, पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने तथा एकत्रित कूड़े को समय पर डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाने की हिदायत दी। कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि मिशन क्लीन पंजाब को अमलीजामा पहनाने के लिए निगम की टीमें लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं, इसलिए स्वच्छता कार्यों में किसी भी स्तर पर बरती गई ढिलाई को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें