वक्फ कानून और बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के नेता सोमवार को राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र देने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। लेकिन एसडीएम करनदीप सिंह ने मिलने से इनकार कर दिया। कहा- उनके पास समय नहीं है। मांग पत्र भी नहीं लिया। इससे नाराज विहिप नेता और कार्यकर्ता एसडीएम दफ्तर से बाहर आकर लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर धरने पर बैठ गए। पंजाब सरकार और एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। धरना लगते ही हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से निकाला। गर्मी को देखते हुए धरनास्थल पर टेंट मंगवाया गया। खबर लिखे जाने तक धरना जारी था।