लुधियाना रेलवे स्टेशन का नाम शहीद सुखदेव सिंह थापर के नाम पर रखने समेत अन्य मांगों को लेकर शहीद के वंशजों और विभिन्न संगठनों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से स्टेशन का नामकरण करने, नौघरा स्थित शहीद की जन्मस्थली तक सीधा रास्ता उपलब्ध करवाने और स्मारक से जुड़े विकास कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। वंशजों का कहना है कि शहीद सुखदेव ने देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, इसलिए उनकी जन्मभूमि लुधियाना में उनकी स्मृति को उचित सम्मान मिलना चाहिए। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।