पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज 29 अक्टूबर को लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के गांव कमालपुरा पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान लोगों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, दौरे से पहले गांव में मुख्यमंत्री के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी विवाद चर्चा में है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को डीआईजी संदीप गोयल ने कमालपुरा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता और जगराओं की विधायक सर्वजीत कौर माणूके भी मौजूद थीं। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों के साथ यातायात व्यवस्था, पार्किंग और लोगों के बैठने के इंतजामों का जायजा लिया था। प्रशासन की ओर से लोगों से दोपहर 2 बजे होने वाली लोक मिलनी में शामिल होने की अपील की गई थी।