मानसून की सक्रियता के चलते पिछले 2 से 3 दिनों से पंजाब के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। जालंधर में भी बीती रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुक कर लगातार जारी रही। बुधवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे मौसम सुहावना हो गया। इसी बीच जालंधर के जन्नत एवेन्यू में बारिश के बाद इलाके में एक बड़ा सांप दिखाई दिया, जो पेड़ पर चढ़ गया और वहां मौजूद पक्षियों को अपना शिकार बनाता नजर आया। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। सावन के महीने से पहले लगातार हो रही बारिश के कारण रिहायशी इलाकों में सांपों के निकलने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं।