पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, आईपीएस के निर्देशानुसार जालंधर शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। नाकाबंदी के दौरान पिम्ज अस्पताल के सामने मुख्य सड़क पर एक्टिवा सवार दो व्यक्तियों को काबू कर उनके पास से 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस टीम ने बिना संदेह के एक्टिवा स्कूटर (पीबी08-ईक्यू-7224) को रोका। तलाशी के दौरान स्कूटर की डिक्की से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान जॉन मुस्ताक पुत्र मकबूल, निवासी मोहल्ला कन्यावली, गढ़ जालंधर और राजेश दुग्गल उर्फ बॉबी पुत्र स्व. चंद्र प्रकाश, निवासी वरयाम नगर, कूल रोड जालंधर के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7, पुलिस कमिश्नरेट जालंधर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जॉन मुस्ताक के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा नशा तस्करी की कड़ी को तोड़ने के लिए आगे-पीछे के लिंक भी खंगाले जा रहे हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।