कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने लूटपाट करने वालों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया के निर्देशों पर थाना प्रभारी जय इंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीमों ने केस ऑपरेशन के दौरान कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मनीष कुमार उर्फ मनी पुत्र बलराम, निवासी ढकोइयां मोहल्ला बस्ती शेख जालंधर को लूटे गए मोबाइल फोन और पर्स के मामले में गिरफ्तार किया गया। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने राहुल पुत्र राज कुमार, निवासी मोचियां मोहल्ला, बस्ती शेख, जालंधर को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना बस्ती बावा खेल में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से दोनों मामलों में आगे की जांच और आरोपियों से पूछताछ जारी है।