जालंधर देहात में लूट घटनाएं बढ़ गई है। बीते 24 घंटों में नूरमहल सब-डिवीजन के अलग-अलग इलाकों में तीन घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।सबसे पहले गांव लहीवाल के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर बाइक सवार लुटेरों ने 9 हजार रुपये की नकदी छीन ली। वहीं मुथड्डा कलां गांव में दिनदहाड़े 3 अज्ञात स्नेचरों ने एक युवक को निशाना बनाया। फिल्लौर थाना क्षेत्र के पास युवक की बाजू पकड़कर उसकी गर्दन पर दातर रख दी गई और उससे 5 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इसी वारदात के तुरंत बाद करीब 2 किलोमीटर दूर पैदल जा रही एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां भी छीन ली गईं। पीड़ितों के अनुसार, तीनों लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार थे और जान से मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दे रहे थे। मामले की जानकारी देते हुए गांव के मनप्रीत सिंह ने बताया कि स्नेचरों ने उसे दातर दिखाई और जान से मारने को लेकर धमकाने लग गए। जिसके बाद स्नेचर उससे 5 हजार की नगदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दे दी है। घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।