पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने रामामंडी थाना क्षेत्र में हुई 72 लाख रुपये की लूट की वारदात को सुलझाते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी 72 लाख रुपये की रकम, दो बिना नंबर की कारें, दो मोबाइल फोन, एक बेसबॉल बैट और एक डंडा बरामद किया है।पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में सीआईए स्टाफ, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच और थाना रामामंडी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में सीआईए इंस्पेक्टर सुरिंदर कुंजे इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह स्पेशल सेल, इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह क्राइम ब्रांच और इंस्पेक्टर जसपाल सिंह थाना रामामंडी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को थाना रामामंडी में एसआई प्रेम पाल को शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ललित मित्तल, निवासी सूर्या एन्क्लेव, रामामंडी, ने बताया कि वह अपनी कार पीबी08-सीजेड-1589 में घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और रॉड से कार का शीशा तोड़कर करीब 72 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। विशेष टीम ने जांच के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विकास, साहिल, रंजीत सिंह, सनी खोसला उर्फ मोना, हरदीप सिंह उर्फ दीपु और राजवीर गिल उर्फ गिल साहिब के रूप में हुई है। आरोपी जालंधर, गुरदासपुर, बटाला और कपूरथला से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सनी खोसला उर्फ मोना इस लूट की साजिश और वारदात का मुख्य आरोपी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों से 72 लाख रुपये नकद लूटी गई पूरी रकम, 2 बिना नंबर की कारें, 2 मोबाइल फोन, 1 बेसबॉल बैट और 1 डंडा बरामद किया है। ----पांच दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों, लूट की साजिश तथा इस्तेमाल किए गए वाहनों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। ----आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड विकास पुत्र मंगल राम, निवासी गांव पड्डा, थाना टिब्बड़, गुरदासपुर — उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें 2019 में थाना डिवीजन नंबर 2 पठानकोट में चोरी के मामले, 2023 व 2024 में एनडीपीएस एक्ट के मामले, 2025 में बीएनएस की धाराओं से संबंधित मामला तथा आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला शामिल है। हरदीप सिंह उर्फ दीपु पुत्र जसविंदर पाल, निवासी गांव वडाला कलां, कपूरथला — उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना सदर कपूरथला में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज है। साहिल पुत्र मंगल राम, निवासी गांव पड्डा, थाना टिब्बड़, गुरदासपुर — उसके खिलाफ वर्ष 2019 में थाना डिवीजन नंबर 1 पठानकोट में चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज है। राजवीर गिल उर्फ गिल साहिब पुत्र प्यारा लाल, निवासी गांव नंदनपुर, थाना मकसूदां, जालंधर रूरल — उसके खिलाफ वर्ष 2019 में थाना रामामंडी में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। रंजीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी नवी बारादरी, उमरपुरा के पास, श्री हरगोबिंदपुर रोड, बटाला — पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस मामले में आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। सनी खोसला उर्फ मोना पुत्र गोपाल खोसला, निवासी गुरु अमरदास नगर, वेरका मिल्क प्लांट के पास, थाना डिवीजन नंबर 1, जालंधर — पुलिस के अनुसार इसी आरोपी का नाम लूट की साजिश के मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।