पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने चंडीगढ़ सेक्टर-37 स्थित भारतीय जनता कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर सुखजिंदर सिंह बब्बर नामक खालिस्तानी आतंकी द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेने की बात सामने आई है, जिसके बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। चन्नी ने कहा कि चंडीगढ़ सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है और वहां कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा पंजाब में शांति और कानून-व्यवस्था की बात करती है, लेकिन चंडीगढ़ में ही बम धमाके हो रहे हैं। अगर वे हालात संभाल सकते हैं तो वहां ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं?” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा पंजाब में अशांति का माहौल बनाना चाहती है या फिर एजेंसियां ऐसी घटनाओं को रोकने में विफल हैं। “अगर रोक सकते हैं तो रोक क्यों नहीं रहे? क्या एजेंसियां खुद यह सब करवा रही हैं?” चन्नी ने कहा कि यह उनका सीधा आरोप है और जवाब मांगा जाना चाहिए। ---पंजाब सरकार पर भी साधा निशाना पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लूटपाट, हत्याएं और संगीन अपराध चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि “साढ़े चार साल में नशा खत्म करने के दावे किए गए, लेकिन अब तो नशा फोन कॉल पर घर तक पहुंच रहा है।” उन्होंने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब चंडीगढ़ और सीमावर्ती इलाकों में केंद्रीय एजेंसियां और बीएसएफ तैनात हैं, तब भी ग्रेनेड हमले कैसे हो रहे हैं?चंडीगढ़ ब्लास्ट के बाद पंजाब में सियासी माहौल गर्म है और विभिन्न दल एक-दूसरे पर कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। बता दें कि जालंधर में सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने घर बनवा लिया है जहां से राजनीतिक बिसात बिछाई जाएगी।