जालंधर के युवा ने बढ़ाया पंजाब का मान, तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिर पर सजाई थी हरी पगड़ी संवाद न्यूज एजेंसी जालंधर। जालंधर के युवा दस्तार विशेषज्ञ समप्रीत सिंह ने एक बार फिर पंजाब का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिर पर हरे रंग की पगड़ी (दस्तार) सजाई। खास बात यह रही कि समप्रीत सिंह ने महज डेढ़ मिनट में प्रधानमंत्री के सिर पर शानदार अंदाज में पगड़ी बांध दी। समप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष रूप से नई हरे रंग की पगड़ी खरीदी थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही वह पगड़ी बांधने पहुंचे, प्रधानमंत्री ने उन्हें तुरंत पहचान लिया, क्योंकि इससे पहले भी वह दो बार उनके सिर पर पगड़ी सजा चुके हैं। समप्रीत सिंह ने इस अवसर को अपने जीवन का बेहद गर्व और सम्मान का पल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सिर पर तीसरी बार पगड़ी सजाना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले वह कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं और बॉलीवुड कलाकारों के सिर पर भी दस्तार सजा चुके हैं।