जालंधर के वार्ड नंबर 27 और 28 में वीरवार को पार्षद शेरी चड्ढा की ओर से मुफ्त मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ बरसाती मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। कैंप के दौरान डॉक्टरों की टीम ने स्थानीय लोगों का मुफ्त स्वास्थ्य जांच किया। लोगों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां डॉक्टरों के साथ साझा कीं, जिसके बाद डॉक्टरों ने जांच कर आवश्यक सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोगों ने कैंप में पहुंचकर इसका लाभ उठाया।पार्षद शेरी चड्ढा ने कहा कि बरसात के मौसम में मौसम में बदलाव, जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण बुखार, वायरल, डेंगू समेत कई मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रवासियों के लिए मुफ्त मेडिकल कैंप लगाया गया।उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने से कई बीमारियों का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाया जा सकता है। कैंप के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी उचित सलाह और उपचार को लेकर मार्गदर्शन भी दिया गया। कैंप में पहुंचे स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को अपने क्षेत्र में ही जांच और चिकित्सकीय सलाह की सुविधा मिलती है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह पहल काफी मददगार साबित होती है। पार्षद शेरी चड्ढा ने कहा कि लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इस तरह के मुफ्त स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे।