जालंधर के मॉडल हाउस इलाके में देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब आइसक्रीम खाने पहुंचे एक परिवार का पुलिस ने ऑनलाइन चालान काट दिया। घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और मामला गर्मा गया। कार चालक चरणजीत सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ आइसक्रीम पार्लर के बाहर गाड़ी में बैठे थे और अभी आइसक्रीम खरीदी भी नहीं थी। उनका दावा है कि जैसे ही पुलिस की गाड़ी पास आई, उन्होंने तुरंत अपनी कार आगे बढ़ा ली थी। इसके बावजूद पुलिस कर्मियों ने फोटो खींचकर ऑनलाइन चालान काट दिया। उनका कहना है कि सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड है और तस्वीर में भी गाड़ी चलती हुई दिखाई दे रही है। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी ने जानबूझकर चालान किया और विरोध करने पर उन्हें गाड़ी से बाहर निकलने को कहा। यहां तक कि एक लड़की के साथ गलत व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं। चरणजीत सिंह, जो वार्ड नंबर 50 से चुनाव लड़ चुके हैं, का कहना है कि जब उन्होंने बात करने की कोशिश की तो पुलिस कर्मी ने उनकी एक नहीं सुनी और मौके से चला गया। दूसरी ओर एएसआई तिलकराम ने बताया कि अवैध पार्किंग के चलते ऑनलाइन चालान काटा गया। उनके अनुसार कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी और जब पुलिस मौके पर पहुंची तो चालक गाड़ी आगे ले जाने लगा। लड़की के साथ बदसलूकी के आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताया। परिवार का कहना है कि वे इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। साथ ही उन्होंने मांग की कि बाजारों में पार्किंग की उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।