जालंधर के लम्मा पिंड चौक के पास डीएचएल कार्यालय के बाहर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। करतारपुर निवासी दंपती एक्टिवा पर सवार होकर अपने काम के सिलसिले में फगवाड़ा की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि एक्टिवा पर पीछे बैठी महिला कैलाश कौर सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पति कमलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी जान नहीं बच सकी।