टर्बन टॉरनेडो, रनिंग बाबा और सिख सुपरमैन नाम से मशहूर पंजाब के 114 साल के मास्टर एथलीट फौजा सिंह आज पंचतत्व में विलीन हो गए। दुनिया के सबसे उम्रदराज एथलीट फौजा सिंह का रविवार को जालंधर के उनके पैतृक गांव ब्यास पिंड में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 114 वर्षीय फौजा सिंह को उनके बेटों ने मुखाग्नि दी। अंतिम दर्शन के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक उनका पार्थिव शरीर रखा गया था, जिसके बाद गांव से श्मशान घाट तक शव यात्रा निकाली गई।