सुल्तानपुर लोधी के वांव सरदुल्लापुर में युवक पर गोली चलाने के मामले में कपूरथला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर का रिवॉल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। बुधवार को स्थानीय पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी (जांच) हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि 16 अगस्त 2026 को सरदुल्लापुर निवासी एक नाबालिग बच्चे पर हमला किया गया था। आरोप है कि गांव मियानी बहादुर निवासी जोबनप्रीत सिंह, गांव भीम कदीम निवासी हरदीप सिंह सैनी, गांव बंधू कदीम निवासी भागा और कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने पहले बच्चे के साथ साथ मारपीट की और बाद में जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फायरिंग में उसके चेहरे पर गोली लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की थीं।