पंजाब में सरकार द्वारा चलाई जा रही युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आ गई है। मोगा की धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र के गांव ढोलेवाला में चिट्टे की ओवरडोज से 18 वर्षीय दिलप्रीत सिंह की मौत हो गई। दिलप्रीत दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जहां नशा खत्म करने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर गांव-गांव में नशा खुलेआम बिक रहा है और नौजवान लगातार इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। गांववासियों के अनुसार पिछले 20 से 25 दिनों के भीतर ढोलेवाला गांव में चिट्टे की ओवरडोज से तीन युवकों गुरजीत सिंह, रणजीत सिंह और अब दिलप्रीत सिंह की मौत हो चुकी है। एक ही गांव से लगातार उठ रही अर्थियां सरकार की नशा विरोधी नीति और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता बता रही हैं।