फिरोजपुर के एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि प्रापर्टी डीलर पर जानलेवा हमला करने वाले मास्टरमाइंड पार्टनर उसके समेत पांच लोगों को काबू किया है। उल्लेखनीय है कि चार मई की दोपहर बाद पौने तीन बजे प्रापर्टी डीलर पर चार अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से हमला किया था। एसएसपी ने बताया कि पिछले छह माह से पीड़ित प्रापर्टी डीलर रणजीत सिंह वासी पीर अहमद खां और आरोपी पार्टनर आकाशदीप सिंह वासी बह्रम नगरी जमीन खरीद कर कालोनियां काटकर बेचने का कारोबार करते थे। इन्होंने तीन एकड़ जमीन खरीद उस कालोनी का नाम डायमंड इंक्लेव रखा था। आकाशदीप ने रणजीत को एक करोड़ 45 लाख रुपये देने थे। आकाशदीप ने अपने नौकर सुखचैन सिंह उर्फ शेरा के साथ मिलकर रणजीत को जान से मारने की योजना बनाई, ताकि धनराशि देनी ना पड़े और जमीन भी हड़प लें। शेरा ने इस काम के लिए अपने साथी चन्ना , आकाश उर्फ बाबा, जोरा की मदद से रणजीत पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया था, उक्त आरोपी ये सोच कर भाग गए थे कि रणजीत मर गया। जबकि वह बुरी तरह जख्मी हो गया था। रणजीत की हत्या करने के लिए चारों आरोपियों को पांच-पांच मरले के प्लाट देना तय हुआ था। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में ये भी सामने आया है कि शेरा ने रणजीत की हत्या के बाद आकाशदीप की हत्या की साजिश बनाई हुई थी। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।