श्री आनंदपुर साहिब स्थित भाई जैता जी अस्पताल में बारिश के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। लगातार हुई बारिश के चलते अस्पताल परिसर में पानी भर गया है, जिससे पूरा क्षेत्र तालाब जैसा नजर आने लगा है। सीवरेज सिस्टम ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी परिसर में फैल गया है, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की स्थिति ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर मरीजों को इलाज के लिए लाया जाता है, वहीं दूसरी ओर जलभराव और गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि अस्पताल परिसर में सामान्य स्थिति बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।