पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर सोमवार को फरीदकोट बस स्टैंड पर कच्चे कर्मचारियों ने तीन दिवसीय हड़ताल के पहले दिन रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बस स्टैंड पर धरना देकर राज्य सरकार और मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए डिपो प्रधान हरदीप सिंह और प्रांतीय नेता हरप्रीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ करीब 70 बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के साथ भी दो बैठकें शामिल हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कच्चे और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, कर्मचारी नेताओं पर दर्ज मामले वापस लेने तथा किलोमीटर स्कीम के बजाय विभाग के लिए नई बसें खरीदने की मांग दोहराई। यूनियन नेताओं ने बताया कि 4 अगस्त को मोहाली में प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन के साथ भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। यदि इसके बाद भी सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो विधानसभा की ओर कूच किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में भी बदला जा सकता है।