पठानकोट में भी पीआरटीसी और पनबस कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सरकारी बसों के पहिए थमने से पठानकोट से जालंधर और अमृतसर सहित चंडीगढ़ व जम्मू जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने कहा कि सरकार को इनकी मांगों पर फैसला लेना चाहिए ताकि आए दिन यात्रियों को जो परेशानियां पेश आती है उनका सामना न करना पड़े। पनबस यूनियन नेता सोनू सैनी ने कहा कि भगवंत मान सरकार पूरी तरह से नादिरशाह रवैया अपना रही है। आप सरकार ने रोडवेज में ठेका स्कीम बंद करने की बात कही थी लेकिन वह पिछली सरकारों के पैटर्न पर उतर आई है। इसका वह पहले भी विरोध करते थे अब भी करेंगे। किलोमीटर स्कीम के विरोध के चलते उनके सभी नेताओं को नजरबंद कर दिया है, जिसके रोष स्वरूप आज वह ऐसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने चेताया कि वह रोडवेज में किसी भी कीमत पर किलोमीटर स्कीम को लागू नहीं होने देंगे, भले ही इसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार का बलिदान देना पड़े।