कपूरथला शहर में पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गुंडागर्दी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए सब-डिवीज़न पुलिस ने रविवार की शाम को फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च आपराधिक तत्वों के लिए एक चेतावनी और शहर के लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाने का एक प्रयास है। हालांकि, डीएसपी सब-डिवीज़न दीपकरन सिंह इस फ्लैग मार्च को एक रूटीन अभ्यास बता रहे हैं। काबिले गौर हो कि शहर में पिछले कुछ दिनों में बढ़ती गुंडागर्दी और आपराधिक घटनाओं के कारण आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी क्रम में सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दो दिन लगातार गुंडागर्दी की घटना से जहां डाक्टर-मरीज दहशत में हैं, वहीं आम शहरी भी लचर कानून व्यवस्था को लेकर चिंतित है। इसके अलावा कई जगहों पर हमले की घटनाएं भी हुई हैं। इन घटनाओं के कारण शहर के लोग दहशत में हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐतिहासिक शहर में ऐसी स्थिति को देखते हुए रविवार शाम डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह के नेतृत्व में सैनिक स्कूल से शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। जिसमें पीसीआर और ट्रैफिक टीम के साथ थाना सिटी, थना सदर और थाना कोतवाली की पुलिस के 60 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। यह फ्लैग मार्च आपराधिक तत्वों के लिए एक चेतावनी के साथ-साथ शहर के लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाने का एक प्रयास भी है। डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह ने बताया कि यह एक नियमित अभ्यास है। हालांकि, पुलिस आपराधिक तत्वों पर सख्त है। शहर के सभी प्रवेश बिंदुओं पर नाकाबंदी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ-साथ आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।