पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए) नहीं दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को फिरोजपुर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और पेंशनर मोहाली में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों और कथित टालमटोल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लंबे समय से डीए की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। कर्मचारी नेता रविंदर लूथरा ने सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।