पठानकोट में शनिवार को हुए गोली कांड में घायल मयंक की रविवार को मौत हो गई है। मृतक मयंक के परिवार सदस्यों और रिश्तेदारों ने माइनिंग माफिया को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मयंक को गोली मारने के आरोपी संजीव सिंह निवासी दीनानगर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इसका साथी जतिंदर कुमार फरार है। इन दोनों को मोटरसाइकिल, हथियार और इनके फरार होने में गाड़ी मुहैया करवाने वाला संजीव का चचेरा भाई वरुण ठाकुर गांव भटोआ को भी काबू कर लिया गया है। वारदात करके संजीव सिंह ने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट बदली और भटोआ से अमृतसर देहात की तरफ गाड़ी में फरार हो गया। जहां आरोपी की गाड़ी पंचर हो गई और वह पकड़ा गया। आरोपियों से 32 बोर रिवाल्वर, जिससे एक राउंड फायर हुआ, 4 कारतूस और 12 बोर डबल बैरल गन, मोटरसाइकिल बरामद हुआ है।