लंबी विधान सभा हलके के गांव सिंघेवाला में आप कार्यकर्ता तरसेम सिंह की पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट में पांच मजदूरों की घटना ने सभी को झंझोड़कर रख दिया है। यह घटना यूपी से मजदूरी करने आने वाले युवाओं के परिवारों के दिलों पर ऐसे गहरे घाव छोड़ गई है, जो वर्षों तक नहीं भर पाएंगे। शनिवार को अपने पांचों बच्चों के शवों को लेने के लिए यूपी के अलीगढ़ जिले से आए परिजन गिद्दड़बाहा सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के समय मोर्चरी के बाहर खड़े फूट-फूटकर विलाप करते नजर आ रहे थे। इस दौरान परिजन लेबर ठेकेदार तथा फैक्ट्री मालिक को इस घटना के लिए पूरी तरह से जिम्मेवार ठहरा रहे थे। वहीं एंबुलेंस का खर्चा न उठा पाने के कारण मृतकों के परिजन दिन भर बिलखते रहे और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।