फगवाड़ा के गांव दादूवाल में शनिवार रात को बाइक और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव के पंचायत सदस्य दविंद्र ने बताया कि दुर्घटना लगभग सात बजे घटी। उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत दोनों किशोरों को फगवाड़ा के सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे की गंभीर हालत देखते हुए बड़े अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल के डाक्टर के अनुसार मृतक की पहचान 15 वर्षीय वरुण तथा घायल की पहचान 18 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह दोनों निवासी गांव दादूवाल के रूप में हुई है। गांव के पंचायत सदस्य दविंदर ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि देर रात तक गांव में अनधिकृत तौर पर माईनिंग का काम चलता है जिससे देर रात तक ट्रैक्टर ट्रालियां चलती रहती हैं। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने प्रशासन से गांव में चल रही नाजायज माईनिंग पर रोक लगाने की मांग की है। दुर्घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें बाईक की ट्राली से टक्कर साफ दिखाई दे रही है लेकिन ट्रैक्टर ट्राली चालक ने ट्रैक्टर रोकने की जहमत नहीं उठाई।