पंजाब सरकार की नशे के विरुद्ध युद्ध मुहिम के तहत डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों अनुसार पूरे पंजाब में कासो ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मोगा एसएसपी अजय गांधी, आईपीएस के नेतृत्व में सोमवार को मोगा जिले के मोगा और धर्मकोट कस्बों में बड़े पैमाने पर कासो ऑपरेशन चलाया गया। यह विशेष ऑपरेशन सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजे तक चलाया गया। जिसमें मोगा पुलिस के 200 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। ऑपरेशन एक साथ मोगा सब-डिवीजन और धर्मकोट सब-डिवीजन के विभिन्न ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में चलाया गया। एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि इस दौरान पुलिस टीमों ने 15 संदिग्ध व्यक्तियों के घरों एवं ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को राउंडअप किया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इसके अतिरिक्त 15 संदिग्ध वाहनों की भी चेकिंग की गई। आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे नशा मुक्त पंजाब बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी के पास नशा तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी हो, तो वे मोगा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 96568-96568 या सेफ पंजाब हेल्पलाइन 97791-00200 पर तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।