मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार सवार तस्कर को 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना कोट ईसे खां की प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता रानी ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि गुरलाल सिंह निवासी गांव जगतपुरा, जिला तरनतारन, नशीले पदार्थों की तस्करी करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे में मौजूद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (नंबर UP13-BB-1414) की तलाशी ली, जिसमें से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोट ईसे खां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है