पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में स्ट्रे डॉग्स को हटाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर के डॉग लवर्स, पशु अधिकार कार्यकर्ताओं, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने PEC डायरेक्टर कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैंपस से हटाए गए सभी कम्युनिटी डॉग्स को वापस लाने और PEC डायरेक्टर राजेश भाटिया के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के PEC दौरे से पहले वीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नगर निगम ने करीब 50 कम्युनिटी डॉग्स को कैंपस से हटाया था। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री का दौरा खत्म होने के बावजूद सभी डॉग्स को उनके मूल स्थान पर वापस नहीं लाया गया। अब तक करीब 15 डॉग्स को ही वापस लाए जाने की बात कही जा रही है। मांग पत्र में प्रदर्शनकारियों ने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, हटाए गए सभी कम्युनिटी डॉग्स को उन्हीं स्थानों पर तत्काल वापस छोड़ा जाए, जहां से उन्हें हटाया गया था। दूसरी, PEC निदेशक और पशु कल्याण संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच औपचारिक और समयबद्ध बैठक कर इस मामले का समाधान निकाला जाए।