मोगा के बाघापुराना विधानसभा क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल (बादल) को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पूर्व जिला प्रधान, पूर्व चेयरमैन, वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न पदाधिकारियों समेत कई नामवर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ का दामन थाम लिया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता बापू तरसेम सिंह, मुल्लांपुर दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह इयाली, फरीदकोट से सांसद भाई सरबजीत सिंह खालसा और मनदीप सिंह सिद्धू समेत कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान बापू तरसेम सिंह ने नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब को ऐसी राजनीतिक लहर की जरूरत है, जो केवल सत्ता की राजनीति तक सीमित न रहे, बल्कि पंजाब के अधिकारों, युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं और प्रदेश के सामाजिक व आर्थिक हितों के लिए मजबूती से आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि बाघापुराना में विभिन्न वर्गों की नामवर शख्सियतों का पार्टी से जुड़ना लोगों के बदलते राजनीतिक रुझान का संकेत है। विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ने कहा कि अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ का आधार लगातार मजबूत हो रहा है। बाघापुराना में हुआ यह कार्यक्रम इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। पार्टी को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। युवाओं समेत हर वर्ग के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने की मुहिम जारी रहेगी। फरीदकोट से सांसद भाई सरबजीत सिंह खालसा ने कहा कि पंजाब के लोगों में अपने अधिकारों और प्रदेश के भविष्य को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। बाघापुराना में बड़ी संख्या में नामवर लोगों का पार्टी से जुड़ना इसी बदलती सोच का संकेत है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि ‘वारिस पंजाब दे’ को मिल रहा समर्थन राजनीतिक ताकत के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि बाघापुराना में हुई यह राजनीतिक शमूलियत संगठन के विस्तार की दिशा में अहम कदम है। आने वाले दिनों में मालवा समेत पूरे पंजाब में जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा और पंजाब से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखकर राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।