मोगा के कोटकपूरा बाईपास स्थित ओवरब्रिज के नजदीक एक खाली प्लॉट में नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समाजसेवा सोसाइटी की मदद से नर कंकाल को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोगा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार इसी स्थान पर करीब डेढ़ माह पहले एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मिला हुआ नर कंकाल किसकी हे मामले की जानकारी देते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कोटकपूरा बाईपास स्थित ओवरब्रिज के पास एक खाली प्लॉट में एक नर कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समाजसेवा सोसाइटी की सहायता से नर कंकाल को कब्जे में लेकर मोगा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव करीब 10 दिन पुराना है, जिसके कारण वह पूरी तरह गल-सड़ चुका है। मृतक की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। इसके बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।