होशियारपुर की डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने आज यहां जिले के समस्त चुनाव अमले, बूथ लेवल अधिकारियों और वोटरों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन सबकी समर्पण भावना और तनदेही से किए प्रयासों के कारण भारत निर्वाचन आयोग की ओर से शुरू करवाई वोटर सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जिले में निर्धारित समय से पहले सुचारू ढंग से पूरा हो गया है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले में समस्त बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से वोटर सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है और अब 13 अगस्त को वोटर सूचियों की ड्राफ्ट प्रकाशन होगी। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट वोटर सूची प्रकाशित होने के बाद 12 सितंबर तक जिले के समस्त निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की ओर से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की ओर से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के बाद 8 अक्टूबर 2026 तक इनका निपटारा किया जाएगा और 12 अक्टूबर 2026 को वोटर सूची की अंतिम प्रकाशन की जाएगी। उन्होंने समस्त बीएलओज, बीएलएज और जिलावासियों की एसआईआर का काम निर्धारित समय से पहले 100 प्रतिशत पूरा करने के लिए सराहना की। बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से जिले में की गई गणना फॉर्मों की वितरण संबंधी जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिले में कुल 1268648 वोटरों के गणना फॉर्म बांटने के बाद डिजिटाइजेशन का काम पूरा किया गया, जिसमें से 1169930 (92.22 प्रतिशत) वोटरों के फॉर्म दस्ती और 1487 (0.12 प्रतिशत) ऑनलाइन भरने के बाद प्राप्त किए गए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिले में 15265 वोटर गैर-हाजिर, 48512 पक्के तौर पर स्थान छोड़ चुके, 28475 मृतक पाए गए जबकि 306 अन्य का डाटा एकत्र नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि इनकी सूचियां बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त किए गए बूथ लेवल एजेंटों को जानकारी के लिए मुहैया करवा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दावे और आपत्ति की प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाई जाए, ताकि लोकतांत्रिक कार्यों को और मजबूत किया जा सके।