फिरोजपुर में रविवार सुबह शहर के बगदादी गेट के नजदीक बाइक सवार दो बदमाशों ने एक नौजवान पर गोली दाग दी। गोली युवक के पट (टांग) पर लगी है। घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घायल कपिल कुमार ने बताया कि वह बाइक की सर्विस के लिए बाजार जा रहा था। जैसे ही वह शहर के बगदादी गेट के पास पहुंचा बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और उससे पहले हाथापाई की। उसके बाद उस पर गोली दाग दी। गोली उसके पट पर लगी है। एक आरोपी को उसने पहचान लिया है, जिसका नाम विनय है। पहले भी वह उससे झगड़ा कर चुके हैं। जबकि उसकी उनसे कोई रंजिश नहीं है। इस संबंधी पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। मालूम हो कि शनिवार की रात आरएसएस के नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की दो आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार को फिर से गोली चलने की वारदात फिरोजपुर में घटी है। फिरोजपुर में कानून व्यवस्था बहुत बिगड़ चुकी है आए दिन गोलियां चल रही है। एक हफ्ते में गोली चलने की तीसरी घटना है।