फरीदकोट के स्थानीय कोटकपूरा रोड स्थित माई गोदड़ी कॉलोनी में बने गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर सिमरन द्वार में रविवार देर शाम शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और सबसे पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप तथा गुटका साहिब को पूरी श्रद्धा के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आग तेजी से गुरुद्वारा साहिब के हॉल में फैल गई, जिससे वहां रखे बिस्तर, एयर कंडीशनर (एसी), डाउन सीलिंग और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आग पूरे भवन में फैलने से पहले ही रोक ली गई और बड़ा नुकसान टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला योजना कमेटी के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी राहत यह रही कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप और गुटका साहिब पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।