फरीदकोट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 180 ग्राम हेरोइन, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी अकाशदीप उर्फ आकाश, राजा पुत्र वीर और सूरज पुत्र जुगराज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देश और एसपी इन्वेस्टिगेशन जोगेश्वर सिंह गोराया की निगरानी में सीआईए टीम फिरोजपुर रोड पर गांव गोलेवाला के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सेमनाला के टी-प्वाइंट पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। शक के आधार पर तलाशी लेने पर नशीला पदार्थ और हथियार बरामद हुए। एसपी गोराया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हेरोइन की खेप सीमावर्ती क्षेत्र से लाकर आगे सप्लाई करने की बात सामने आई है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी।