फगवाड़ा के गुरु हरगोबिंद नगर स्थित ब्लड बैंक में बसंत पंचमी का त्योहार शनिवार को बड़ी श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। मलकीयत सिंह रघबोत्रा के नेतृत्व में आयोजित समागम का शुभारंभ कला की देवी माँ सरस्वती की पूजा तथा दीप प्रज्जवलित करके किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि बसंत पर्व को संगीत, कला एवं ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के जन्मोत्सव के रूप में भी याद किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन माँ सरस्वती की पूजा का विशेष महत्व है। इस दौरान बच्चों ने खूबसूरत नृत्य प्रस्तुति से माँ सरस्वती का आशीर्वाद लिया। अंत में पीले रंग की मिठाई वितरित की गई। मलकीयत सिंह रघबोत्रा ने सहयोग के लिये सभी का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मोहन लाल तनेजा, विश्वामित्र शर्मा आदि भी उपस्थित थे।