फगवाड़ा के समूह सरकारी अध्यापकों ने वीरवार को टाउन हॉल में केंद्र सरकार और राज्य सरकार के विरुद्ध रोष प्रदर्शन किया और बस अड्डे तक रोष मार्च निकाल कर सरकार का पुतला जलाया। इस अवसर पर विभिन्न अध्यापक नेताओं ने कहा कि ईटीटी और बीएड पास करके नौकरी कर रहे अध्यापकों पर सरकार ने नौकरी में तरक्की के लिए टीईटी टेस्ट पास करने का जो नादिरशाही फरमान जारी किया है उसका सभी अध्यापक वर्ग निंदा करता है। उन्होंने कहा कि हमेशा से सीनिएरिटी के अनुसार ही तरक्की मिलती रही है तो अब ये नया रूल क्यों बनाया गया है। समूह अध्यापकों ने आप सरकार को चैलेंज किया कि पंजाब के विधायकों का भी एलिजिबिलिटी टेस्ट करवाया जाए ताकि पता चल सके कि जो लोग हमारे ऊपर अपने बनाए नए नए कानून थोप रहे हैं, वो खुद कितने काबिल हैं। इस अवसर पर समूह अध्यापकों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की भी मांग की। अध्यापकों के रोष प्रदर्शन के दौरान जीटी रोड पर लगा लंबा जाम लग गया। हालांकि इस समय ट्रैफिक पुलिस नदारद रही, जिस वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई।