फरीदकोट में नौजवान भारत सभा के वरिष्ठ नेता नौनिहाल सिंह ने मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर चल रहे मोर्चे में शामिल होने जा रहे विभिन्न संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बुधवार की पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि लोगों की आवाज दबाने की कार्रवाई बंद नहीं की गई तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। नौनिहाल सिंह ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर मानसा में एक्शन कमेटी के नेतृत्व में पिछले दो सप्ताह से मोर्चा चल रहा है। मोर्चे के आह्वान पर बुधवार को राज्यभर से विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता काफिलों के रूप में मानसा जा रहे थे, लेकिन फरीदकोट समेत अन्य स्थानों पर रास्ते में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थानों में बंद कर दिया। साथ ही कुछ नेताओं को घरों में नजरबंद किया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कथित तौर पर तस्करों के हाथों अपनी जान गंवानी पड़ रही है, जबकि इंसाफ की मांग करने पर उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नौजवान भारत सभा के नेता ने हिरासत में लिए गए सभी संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार लोगों की आवाज दबाने के बजाय नशे के खिलाफ संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे और परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ दिलाए।