फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो अलग-अलग मामलों में थाना सिटी पुलिस ने 10 हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक मामले में जेल के अंदर से मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि दूसरे मामले में हाई सिक्योरिटी जोन में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की घटना सामने आई है। जेल अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न बैरकों में सर्च अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ब्लॉक-5 की बैरक नंबर-14 में बंद हवालाती अर्पणप्रीत सिंह के पास से एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अर्पणप्रीत सिंह ने बताया कि इस मोबाइल फोन का इस्तेमाल बैरक में बंद उसके साथ अन्य 8 हवालाती भी कर रहे थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने अर्पणप्रीत सिंह सहित योगेश शर्मा, हरजीत सिंह, हरमिंदर सिंह (मोगा), मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू (फरीदकोट), मनप्रीत सिंह उर्फ गोलू (सोनीपत, हरियाणा), सतनाम सिंह, जसनप्रीत सिंह और सुखदीप सिंह (मोगा) के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया। दूसरे मामले में जेल के सहायक अधीक्षक जसवंत सिंह ने शिकायत दी कि हाई सिक्योरिटी जोन के ब्लॉक-बी की बैरक नंबर-16 में बंद हाई रिस्क हवालाती अनमोलप्रीत सिंह ने बैरक में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया। जेल इन्वेस्टिगेशन सेल के प्रभारी एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी और मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।