मारपीट मामले में हमलावरों पर पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई ना करने पर घायल व्यक्ति के गुस्साए परिवार व गांव निवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की है। घटना बीती 4 मार्च गांव झलोआ के पास वाले गांव की है। घायल की पहचान साजन पुत्र सुलिंदर कुमार निवासी गांव झलोआ के रूप में हुई है। घायल की बहन पूजा और मां शकुंतला देवी ने कहा कि उनका लड़का घर के नौ लोगों का मजूदरी करके पालन पोषण करता है और 4 मार्च को भी हिमाचल से मजदूरी करके घर वापिस लौट रहा था। जब वह पास वाले गांव पहुंचा तो एक सड़क हादसे में युवक की मदद करने लिए रुक गया। वहां, पर कुछ युवक उसके पास आ गए और उससे जातपात को लेकर गाली गलोच करने लगे। जब साजन ने उनका विरोध किया तो उक्त करीब 7 हमलावरों ने उसकी मारपीट करते हुए लहूलहान कर सड़क पर फेंक दिया। पीड़ित परिवार ने सरकार और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की कि उनके लड़के की मारपीट करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। इस मौके धर्मपाल, शिव सूर्जन, त्रिलोक चंद, प्रेम चंद, द्वारका दास, रजिंदर कुमार, रूप लाल, कपिल देव, रूप बसंत, पिंकी, बेबी, रीना, पम्मी, सुनेना, सुरजीत आदि ने रोष जताया। पुलिस चौकी घरोटा के जांच अधिकारी एएसआई सरताज सिंह ने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है और आज भी उनके घर बयान दर्ज करने के लिए पहुंची है। घायल युवक की बहन ने कहा है कि वे वीरवार को अपने भाई के साथ पुलिस के पास आकर बयान दर्ज करवाएगी। शक के बिना पर पुलिस ने आज भी कुछ युवक हिरासत में लिए है। बयान दर्ज होने और हमलावरों की शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।