फिरोजपुर पुलिस ने अवैध असलहा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तलाशी दौरान विदेशी व देशी तीन पिस्तौलें व नौ कारतूस बरामद किए हैं। थाना मल्लांवाला पुलिस ने मंगलवार उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि थाना मल्लांवाला पुलिस की टीम गश्त करते हुए गांव वल्टोहा के बस स्टॉपेज के पास पहुंची । मुखबिर ने पुलिस को इत्तलाह दी कि आरोपी अवैध असलहा मंगवा कर आगे लोगों को बेचता है। इस समय भी उसके पास काफी संख्या में पिस्तौलें हैं । पुलिस ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर आरोपी स्वर्ण पुत्र तरसेम वासी वार्ड नंबर 17 भारत नगर फिरोजपुर सिटी को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके पास विदेशी एक पिस्तौल ग्लाक और उसके तीन कारतूस, एक देसी कट्टा व उसके तीन कारतूस के अलावा 32 बोर की एक पिस्तौल व उसके तीन कारतूस बरामद हुए हैं। थाना मल्लांवाला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है कि उक्त अवैध असलहा कहां से लेकर आता है और किन-किन लोगों को वह बेच चुका है।