कोटकपूरा की मुख्य अनाज मंडी सहित मार्केट कमेटी के अधीन 16 मंडियों में धान की खरीद जारी है। अब तक 66 हजार मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जबकि 56 हजार मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। हाल में हुई बारिश के कारण पिछले दो दिनों से आवक प्रभावित हुई है। पंजाब सरकार के निर्देशों पर मंडियों में खरीद के प्रबंध किए गए हैं। मुख्य मंडी में चार खरीद एजेंसियां धान खरीद रही हैं, जबकि ग्रामीण मंडियों में अलग-अलग एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडी में मौजूद किसानों ने मुख्य अनाज मंडी के प्रबंधों पर संतोष जताया, लेकिन ग्रामीण मंडियों में समस्याएं आने की बात कही। किसानों के अनुसार बारिश और पर्याप्त प्रबंधों की कमी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्केट कमेटी के सचिव हरप्रीत सिंह ने बताया कि धान की खरीद निर्बाध रूप से जारी है। बारिश के कारण पिछले दो दिनों में आवक कम हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्य और ग्रामीण मंडियों में निर्धारित एजेंसियों के माध्यम से खरीद की जा रही है।