फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में कैदियों और हवालातियों से मोबाइल फोन समेत प्रतिबंधित सामान बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार रात जेल प्रशासन की ओर से विभिन्न बैरकों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जालंधर निवासी हवालाती स्वर्ण सिंह उर्फ मनी, फिरोजपुर निवासी कर्मजीत सिंह, अमृतसर निवासी कुलबीर सिंह और फरीदकोट निवासी कैदी परमिंदर सिंह पन्नू से कुल 3 मोबाइल फोन और 2 सिम कार्ड बरामद किए गए। जेल के सहायक अधीक्षक जसवंत सिंह की शिकायत पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने चारों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जेल इन्वेस्टिगेशन सेल के इंचार्ज एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। मोबाइल और सिम जेल के अंदर कैसे पहुंचे, इसकी भी जांच की जा रही है।