मोगा सिविल अस्पताल में एक बार फिर से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार दीपावली की रात अज्ञात चोरों ने अस्पताल के मेडिसिन स्टोर रूम से बुफरीनोरफिन 0.2 एमजी की लगभग 11,000 गोलियां चोरी कर लीं। चोरी की यह वारदात लाखों रुपए की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और स्टोर रूम की अलमारी तोड़कर दवाइयों को चोरी कर फरार हो गए। यह दवा नशे के आदी मरीजों को उपचार के लिए दी जाती है और इस स्टोर से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और हेल्थ सेंटर्स में सप्लाई की जाती है। घटना 20 अक्टूबर रात की हे और तब सामने आई जब 21 अक्टूबर की सुबह स्टोर खोला गया। इसके बाद मेडिसिन स्टोर इंचार्ज ने पुलिस को सूचित किया, जिस पर डीएसपी सिटी और थाना सिटी साउथ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले ही खस्ता हाल बिल्डिंग में चल रहे पुराने मेडिसिन स्टोर को अस्पताल के एएनएम स्कूल के हॉल में शिफ्ट किया गया था। चोरी भी सिर्फ बुफरीनोरफिन की गोलियां हुई हे बेहद सफाई और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।