पठानकोट पुलिस ने वायु सेना स्टेशन नौशहरा नलबंदा के निकट घूमते कार सवार तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों से पंजाब पुलिस के कांस्टेबल का फर्जी आईडी कार्ड भी मिला। आरोपियों की पहचान सराजदीन निवासी गांव गोगन थाना माहलपुर जिला होशियारपुर, बिल्ला निवासी गांव हालटा जिला होशियारपुर और तीसरे का नाम भी बिल्ला निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। रविवार रात करीब 11 बजे गांव पंजूपुर की ओर से तीनों युवक आई-20 कार नंबर पीबी07 बीडी5949 रंग सफेद में आ रहे थे। पुलिस टीम ने नाके पर कार रोकी और जांच की। इस दौरान आरोपियों ने आईडी कार्ड दिखाया और कहा कि वे खुफिया ड्यूटी पर आए हैं। पुलिस कर्मचारियों ने जब आईडी कार्ड को जांचा तो फर्जी मिला। तीनों पुलिस आईडी कार्ड दिखाकर सुरक्षा एजेंसियों व टोल प्लाजा को चकमा दे रहे थे।