त्योहारों से निपटने के बाद सभी सियासी दलों ने तरनतारन उपचुनाव पर फोकस बढ़ा दिया है। इस बारे में दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। जीत के लिए जोर आजमाइश भी तेज हो गई है। वीरवार को पंजाब कांग्रेस व भाजपा ने तरनतारन में बैठकें कर चुनावी तैयारी पर चर्चा की। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी अपनी जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का खाका तैयार लिया है। शिअद को जितवाने की जिम्मेदारी सुखबीर बादल ने उठाई है। इस चुनाव में आप ने हरमीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है जबकि हरजीत सिंह संधू भाजपा के प्रत्याशी हैं। शिरोमणि अकाली दल ने महिला प्रत्याशी सुखविंदर कौर रंधावा पर दांव खेला है तो वहीं कांग्रेस ने करणबीर सिंह बुर्ज को उम्मीदवार बनाया है जबकि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने मनदीप सिंह को चुनावी समर में आगे किया है।सभी दलों के दिग्गजों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए कमर कस ली है। आप आदमी पार्टी की रणनीति साफ है कि वे इस सीट को गंवाना नहीं चाहती। साल 2022 में यह सीट आप के कश्मीर सिंह सोहल ने जीती थी। दोबारा जीत के लिए सीएम समेत आप के नेता व मंत्री पूरी ताकत झोंकेंगे। सभी की ड्यूटियां लगा दी गईं हैं। आप के बड़े नेता भी यहां प्रचार के लिए पहुंचेंगे। विभिन्न विभागों के मंत्री मतदाताओं को बताएंगे कि सरकार ने यहां लोगों के लिए क्या-क्या किया है। उन्हें यह भी समझने का प्रयास किया जाएगा पंजाब में आप सत्तारूढ़ पार्टी है, लिहाजा तरनतारन से भी आप का प्रत्याशी जीतता है तो वह सरकार का हिस्सा बनकर तरनतारन में विकास की रफ्तार को तेज करेगा।