पंजाब में गरमी और उमस से राहत का सिलसिला जारी है। आज भी पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27 जुलाई से मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ेगा। मौसम विभाग ने दो दिनों तक कई जगहों पर भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे है। बठिंडा में सबसे अधिक 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने वीरवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 जुलाई से मौसम के मिजाज फिर बदलेंगे और दो दिनों तक कई जगहों पर भारी से काफी भारी बारिश पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इससे आने वाले दिनों में पंजाब के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की कमी आई है, जो सामान्य के करीब है। पठानकोट में सबसे कम 23.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।