पंजाब के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक अगले 2 से 3 दिन मानसून के लिए पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा की ओर बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। डायरेक्टर ने बताया कि इस बीच बुधवार को पंजाब में प्री मानसून की बारिश होगी। मौसम विभाग ने पंजाब में बुधवार से छह जुलाई तक यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान पंजाब के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। खास तौर से दो जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे 4 जुलाई तक पंजाब में भारी बारिश होगी।