पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा महिला आत्मघाती दस्ते के लिए बड़े स्तर पर भर्तियां करने लगा है। इस आत्मघाती दस्ते को तैयार करने को जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग जमात-उल-मोमिनात को दी गई है। अमर उजाला को इस संगठन की ओर से आयोजित महिला आत्मघाती दस्ते की हुई बड़ी बैठक की खुफिया जानकारी और तस्वीरें मिली है। 18 अप्रैल को सुबह 9 बजे मुजफ्फराबाद के गोजर स्थित ओएसए (वन स्टेप अहेड कॉलेज) कॉलेज में 10 घंटे का विशेष सत्र आयोजित किया गया और भर्तियां की गयीं। इस सत्र में आतंकवादी मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर समेत पीओके के चार कमांडर भी मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक मुजफ्फराबाद के ओएसए कॉलेज में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल वाले कई क्रैश कोर्स होते रहते हैं। इसी कॉलेज में आतंक की पाठशाला के तौर पर घाटी में अस्थिरता फैलाने का पूरा ट्रेनिंग सेशन चलता है। इसी कड़ी में 18 अप्रैल को करीब 150 से ज्यादा महिलाओं को इस विशेष सत्र के लिए बुलाया गया था। अमर उजाला को मिली खुफिया जानकारी के मुताबिक सुबह नौ बजे से 10 घंटे के लिए शुरू हुए इस विशेष सत्र में महिलाओं को आत्मघाती दस्ते में भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाया गया।