पंजाब के जालंधर में एक कारोबारी के घर ईडी की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवल की एक पोस्ट से अचानक सूबे में हिंदुत्व राजनीति गरमा गई। विरोधियों ने इस पोस्ट को पंजाब की भाईचारक साझ से जोड़ दिया तो वहीं केजरीवाल की पोस्ट के बाद सीएम भगवंत मान की पोस्ट ने भी इसे और तूल दे दिया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी, शिरोमणि अकाली दल व कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को निशाने पर ले लिया। नेताओं ने आरोप-प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिया। दरअसल, ईडी की दबिश के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ईडी पार्टी फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ईडी की रेड कर रही है। ईडी पार्टी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। सभी व्यापारियों से अपील है- घबराने की कोई बात नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार उनके साथ है, हम सब मिलकर ईडी पार्टी का मुकाबला करेंगे।